ड्राइवर को फेंककर कार लूटने वाले बदमाश धरे गए
चिल्ला। ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से बुक कराकर लाई गई कार के ड्राइवर को मारपीटकर मरणासन्न अवस्था में फेंककर कार लूट ले जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। घटना को अंजाम चार बदमाशों ने दिया था। मुख्य आरोपी बीएससी और एक अन्य 12वीं का छात्र है। पुलिस ने दो लुटेरों को दबोच कर लूट ले जाई गई कार बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी समेत दो बदमाश फरार हैं। 22 अगस्त को ग्वालियर से चित्रकूट के लिए बुक कराकर ले जाई जा रही कार बुक कराने वाले बदमाशों ने कार के ड्राइवर राजू राजौरिया पुत्र अनंतराम (ग्वालियर) को चिल्ला थाना क्षेत्र के अतरहट गांव के पास पीटकर अधमरा कर दिया। उसका मोबाइल और 5000 रुपये छीनकर कार से नीचे फेंक दिया और कार लेकर फरार हो गए। चिल्ला थाने में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ।
थानाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक के नेतृत्व में गठित की गई पुलिस टीम ने मंगलवार को चिल्ला थाना क्षेत्र के घूरा तिराहा के पास शाम करीब साढ़े चार बजे दो बदमाशों आजाद उर्फ करन पुत्री लक्ष्मी आरख (सर्वोदय नगर, बांदा), विकास वर्मा पुत्र बालकराम वर्मा (पौथिया, हमीरपुर) को कार समेत दबोच लिया। आजाद उर्फ करन के पास 12 बोर तमंचा और दो कारतूस बनाए गए। पुलिस के मुताबिक तीसरा अभियुक्त रीतेश सिंह गौर उर्फ छोटू पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकला। वह पैलानी (बांदा) थानाक्षेत्र के पिपरहरी गांव का रहने वाला है और इन दिनों बांदा शहर के इंदिरा नगर में रह रहा है। बीएससी का छात्र बताया गया है। पकड़े गए आरोपियों ने चौथे लुटेरे का नाम विमल सिंह परिहार बताया है। वह भी फरार है। लुटेरों को पकड़ने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ एसएसआई टीआर वर्मा, हेड कांस्टेबिल महेंद्र सिंह, कांस्टेबिल पुष्पेंद्र सिंह व इरशाद और सुरजीत शामिल रहे। कार को चारों बदमाशों ने ग्वालियर में चित्रकूट के लिए बुक कराया था।