बांदा। सर्दी का सितम हर दिन बढ़ता जा रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि अधिकतम तापमान 15 डिग्री के इर्द-गिर्द रहा। यह सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। ठंड से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। बाजार में जहां किराना व कपड़ा दुकानों में सन्नाटा है। वहीं ब्लोअर व हीटर की दुकानों में भीड़ उमड़ रही है।
शीतलहर ने जहां लोगों को कंपाया, वहीं रात होते ही घना कोहरा छा गया। पूरा शहर कोहरे की सफेद चादर में ढक गया। दृष्यता 10 मीटर होने से वाहन हेडलाइट जलाकर सड़क पर रेंगते रहे। घरों में लोग हीटर व ब्लोअर लगाकर ठंड से बचाव करते रहे। सार्वजनिक स्थानों पर रोडवेज, रेलवे स्टेशन चौराहा, कचहरी आदि में अलाव के सहारे लोग ठंड बचाव के प्रयास करते रहे। लोगों ने अपने ही शहर में शिमला से ज्यादा ठंड का अहसास किया। कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ.दिनेश साहा का कहना है कि ठंड का सितम अभी जारी रहेंगा। छह जनवरी को बारिश के आसार हैं। ऐसे में ठंड के और बढ़ने की संभावना है।