बांदा। 24 घंटे के अंदर अवैध पार्किंग, वाहन स्टैंड व फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने का सीएम योगी का आदेश पुलिस और पालिका की आपसी तकरार में फंस गया है। इसकी बानगी अलीगंज पुलिस चौकी के पास हाइवे पर देखी जा सकती है। यहां सड़क किनारे खड़े आड़े-तिरछे वाहनों के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही। मगर अवैध पार्किंग व वाहन स्टैंड हटवाने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। नगर पालिका और पुलिस के अफसरों ने इस काम की जिम्मेदारी एक दूसरे पर डालकर पल्ला झाड़ लिया।
शहर के एक दर्जन से अधिक मुख्य चौराहों सहित आम चौराहों के आसपास अवैध वाहन स्टैंड चल रहे हैं। हाइवे के फुटपाथ भी इससे अछूते नहीं हैं। सड़क पर वाहन खड़ाकर सवारियां भरना आम बात है। इससे न केवल आवागमन अवरूद्ध होता है और जाम की समस्या बनी रहती है। अलीगंज, कालू कुआं, रोडवेज, जजी चौराहा, संकट मोचन, सिविल लाइन आदि चौराहों पर वाहनों का पूर्व की तरह हुजूम लगा रहा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बुद्ध प्रकाश का कहना है कि नगर पालिका की कोई अधिकृत पार्किंग नहीं है। अवैध पार्किंग को हटाने की जिम्मेदारी पुलिस की है।
उधर, कोतवाल राजेंद्र सिंह राजावत का कहना है कि अवैध पार्किंग को हटवाने का काम नगर पालिका का है। पुलिस सुरक्षा में मुस्तैद रहेंगी।