बांदा। जिले में शुक्रवार को घरेलू गैस से अवैध रिफलिंग करने वालों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाया गया। पांच दुकानों से 114 सिलिंडर और रिफलिंग उपकरण बरामद किए। तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि दो लोग भाग गए। इनके विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शरद कुमार के नेतृत्व में पूर्ति निरीक्षक प्रशांत कुमार सिंह, अरुण कुमार पांडेय ने सदर तहसील की कई दुकानों को चेक किया। इस दौरान बड़ोखर के अछरौड़ गांव में सुरेश पाल की दुकान में दो घरेलू सिलिंडर, 15 छोटे सिलिंडर, रिफलिंग उपकरण, 13 घरेलू गैस कनेक्शन की किताबें मिलीं। शहर कोतवाली क्षेत्र के स्वराज कालोनी में राजा गुप्ता के यहां तीन घरेलू सिलिंडर, 34 छोटे सिलिंडर व गैस रिफलिंग उपकरण मिले। मुचियाना मोहल्ले में विष्णु की दुकान में तीन बड़े सिलिंडर, गूलरनाका निवासी विक्की की दुकान से दो बड़े सिलिंडर, 34 छोटे सिलिंडर, गैस रिफलिंग के उपकरण मिले।
इसी मुहल्ले में एजाज की दुकान में दो बड़े व 19 छोटे सिलिंडर और पांच घरेलू गैस कनेक्शन की किताबें मिलीं। टीम ने मौके पर सुरेश, एजाज अली, विष्णु को गिरफ्तार कर लिया। दो की पुलिस को तलाश जारी है। पूर्ति निरीक्षक प्रशांत कुमार की तहरीर पर पुलिस ने पांचों व्यापारियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।