Banda Accident: ट्यूशन के बहाने निकला था छात्र, अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस
तिंदवारी थाना क्षेत्र में ट्यूशन के बहाने निकले छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हादसे से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
बांदा जिले में पिता की बाइक लेकर लखनऊ से गांव के लिए निकले छात्र को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने उसके मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। भाई ने बताया कि ट्यूशन के बहाने घर से निकला था।
लखनऊ में परिवार के साथ रह रहा रोहित (19) पुत्र बाबू बुधवार को बाइक से जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़ांव गांव आ रहा था। शाम को तिंदवारी थाना क्षेत्र में कस्बे से कुछ पहले किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
चालक वाहन लेकर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची तिंदवारी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाइक में दर्ज नंबर से नाम-पता की जानकारी ली और रोहित के मोबाइल से परिजनों को घटना के बारे में बताया।
शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चचेरे भाई रोहन ने बताया कि रोहित के पिता बाबू और मां लखनऊ में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। रोहित हाईस्कूल का छात्र था। घरवालों को बिना बताए पिता की बाइक लेकर अपने गांव गड़ांव दादी-बाबा से मिलने जा रहा था।
परिजन ट्यूशन पढ़ने की बात समझते रहे। देर रात वापस न आने पर उसकी खोजबीन शुरू हुई। इसी बीच पुलिस से उसकी मौत की सूचना मिली। वह दो भाइयों में बड़ा था। पिता ने अज्ञात वाहन के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाहन की टक्कर से किसान की मौत
वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। सीमावर्ती मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रमजीपुर (धरमपुर) गांव निवासी राजेश राजपूत (32) बुधवार की शाम बाइक से श्यामपुर से अपने गांव लौट रहा था। कालिंजर थाना क्षेत्र के बरछा गांव के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। उसकी वहीं मौत हो गई।
पुलिस ने घरवालों को घटना की सूचना दी। शिनाख्त के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के रिश्तेदार अंगद राजपूत ने बताया कि राजेश पड़ोसी राकेश की बाइक लेकर गया था। घर लौटते समय हादसा हो गया। वह खेतीबाड़ी करता था। उसके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।