बांदा में युवती की हत्या का मामला: डॉग स्क्वायड ने दोबारा की जांच, कुएं के पास मिले खून के धब्बे
बबेरू थाना क्षेत्र में घर में सोई युवती की बुधवार की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में करीबी पर आशंका की सुई जा कर अटक रही है। इसको लेकर पुलिस ने दोबारा डॉग स्क्वायड से जांच कराई है। इससे कुछ अन्य अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। ऐसे में घटना का जल्द से जल्द खुलासा हो सकता है।
विस्तार
बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में हरदौली निवासी युवती की हत्या में पुलिस ने दोबारा डॉग स्क्वायड से जांच कराई है। खोजी कुत्ता घटनास्थल घर से तकरीबन आधा किलोमीटर दूर खेत में स्थित कुआं तक गया। यहां पुलिस को खून के धब्बे मिले हैं।
आशंका है कि रात में युवती की वहीं पर हत्या कर शव कमरे में डाला गया होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेतकर हत्या की पुष्टि हुई है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में भोला देवी (20) पुत्री मुन्ना प्रसाद कुरील की बुधवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस अफसरों ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड से घटना स्थल की जांच कराई थी। शुक्रवार को दूसरे दिन भी पुलिस ने दोबारा डॉग स्क्वायड से जांच कराई। खोजी कुत्ता घटनास्थल से तकरीबन आधा किलोमीटर दूर खेत में स्थित पुराने कुआं तक गया।
यहां पुलिस को खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस ने नमूने एकत्र किए हैं। कुआं के आसपास युवती के पारिवारिक चाचा के घर होने की चर्चा है। मौके से ताश के फटे टुकड़े भी मिले हैं। पुलिस अभी घटना को लेकर शंका के घेरे में है।
बबेरू कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में शक की सुई करीबी परिजनों की ओर जा रही है। कुछ साक्ष्य इस ओर इशारा कर रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। घटनास्थल पर मिले पिता के मोबाइल फोन के विषय में कहना है कि शव उठाने और रखने के दौरान फोन पर खून लग गया होगा।
पिता नहीं कराना चाहता था पोस्टमार्टम
युवती की हत्या के संबंध में ग्रामीणों में चर्चा है कि पिता ने खुद प्रधान को घटना की जानकारी दी थी। कमरे के पीछे का दरवाजा खुद खोलने की भी जानकारी दी थी। प्रधान से उसने पोस्टमार्टम न कराने की बात कही थी। लेकिन बाद में प्रधान व ग्रामीणों के समझाने पर वह पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुआ था।