बांदा। लगातार चार दिन की बैंक बंदी के बाद पांचवें दिन बैंक खुले तो खासी भीड़ रही। ग्राहकों को लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। कमोवेश सभी बैंकों में यही नजारा रहा। जिले में लगभग 100 करोड़ का लेन-देन हुआ।
शनिवार से बंद चल रहे बैंक दो दिनी हड़ताल के बाद बुधवार से खुल गए। बैंक खुलने से लोगों को राहत महसूस हुई। पहले दिन भारतीय स्टेट बैंक, आर्यावर्त बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सिंडीकेट बैंक, कारपोरेशन बैंक, सेंट्रल बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, केनरा बैंक, बैंक आफ इंडिया, इंडियन बैंक आदि शाखाओं में भीड़ देखने को मिली। सबसे ज्यादा भीड़ कचहरी शाखा भारतीय स्टेट बैंक में उमड़ी। यहां लोन और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों के अलावा रोजमर्रा जरूरत की पूरी करने वाले भी पहुंचे। लाइन में जगह न मिलने पर जमीन पर ही बैठ गए। उधर, एटीएम में कैश पहुंचने से यात्रियों और जरूरतमंदों ने जरूरत के मुताबिक रुपये निकाले। पीएनबी ब्रांच एटीएम स्टेशन रोड, कचहरी रोड एसबीआई बैंक एटीएम में ग्राहकों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रही।