Balrampur: तातापानी महोत्सव में विशेष थीम पर तैयार किए गये स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र, सीएम साय ने की सराहना
बलरामपुर के तातापानी में तीन दिन चले महोत्सव में बॉलीवुड, भोजपुरी एवं छत्तीसगढ़ी गायकों के द्वारा रंग जमाया गया साथ ही स्थानीय कलाकारों एवं स्कूल के छात्र छात्राओं को भी महोत्सव में प्रस्तुति देने का मौका दिया गया।
विस्तार
बलरामपुर के तातापानी में तीन दिन चले महोत्सव में बॉलीवुड, भोजपुरी एवं छत्तीसगढ़ी गायकों के द्वारा रंग जमाया गया साथ ही स्थानीय कलाकारों एवं स्कूल के छात्र छात्राओं को भी महोत्सव में प्रस्तुति देने का मौका दिया गया। वहीं 23 विभागों के शासन की योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले स्टाल लोगों के आकर्षण के केंद्र रहे तीनों दिन यहां सुबह से लेकर देर रात तक भीड़ लगी रही। जिला कलेक्टर आर एक्का एवं नोडल अधिकारी रैना जमील के निर्देश पर सभी विभागों के द्वारा स्टॉल को किसी न किसी थीम पर स्टॉल की सजावट की गई थी।
जिला प्रशासन के निर्देश एवं मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा एकीकृत मॉडल ग्राम पंचायत, अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति विकास विभाग के द्वारा आदिवासी संस्कृति का प्रतीक देव गुड्डी, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के द्वारा वन्य जीव संरक्षण एवं PVTG सशक्तिकरण, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि, उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग के द्वारा केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं का प्रदर्शन, पशु विभाग के द्वारा पशु चिकित्सा एवं पशु संवर्धन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन, मछली पालन विभाग के द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना,कृषि विज्ञान केंद्र के द्वारा एकीकृत प्रक्षित प्रणाली, क्रेडा विभाग के द्वारा सौर ऊर्जा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार प्रदर्शन, जल संसाधन विभाग के द्वारा गागर फीडर जलाशय का चित्रण,हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के द्वारा प्लास्टिक हटाओ दुनिया बचाओ,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के द्वारा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता थीम पर स्टॉल लगाए गए थे। इसी प्रकार शासन के 23 विभागों की स्टाल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे छत्तीसगढ़ शासन के 23 विभागों के द्वारा एक से बढ़कर एक स्टॉल की सजावट की गई थी।
मुख्यमंत्री ने की सराहना
छत्तीसगढ़ शासन के 23 विभागों के द्वारा जिला प्रशासन के निर्देश पर अलग-अलग थीम पर विभाग की योजनाओं को प्रदर्शित करने वाला स्टॉल लगाया था। जिसकी सराहना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम सहित मंत्रियों ने की।
मकर संक्रांति पर्व महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विशेष थीम पर तैयार की गई स्टालों में तीनों दिन सुबह से लेकर देर शाम तक भीड़ लगी रही शासन की योजनाओं की जानकारी विभाग के लोगों के द्वारा दी गई।