बलरामपुर। जिले के 20 अस्पतालों में बुधवार को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस का आयोजन किया गया। इन अस्पतालों में कुल 1850 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच में 172 गर्भवती उच्च जोखिम युक्त महिला के रूप में चिह्नित की गई। अस्पताल पहुंचीं गर्भवती को आयरन, फोलिक एसिड, कैल्सियम डी3 व आयरन सुक्रोज की दवा के साथ फल का वितरण किया गया।
जिला महिला अस्पताल में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस का शुभारंभ सीएमएस डॉ. विनीता राय ने किया। एएनएम व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने अस्पताल में पहुंचने वाली गर्भवती के लम्बाई का माप व वजन लेकर स्वास्थ्य परीक्षण किया। गर्भवती को प्रोटीन व विटामिन की दवाओं के साथ फल बांटे गए। सीएचसी श्रीदत्तगंज में अधीक्षक डॉ. विकल्प मिश्रा ने उच्च जोखिम युक्त गर्भवती को दवा व फल वितरित करते हुए खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। मातृ स्वास्थ्य के जिला परामर्शदाता विनोद त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश पर बुधवार को जिले के 20 अस्पतालों में प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित अभियान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 1850 गर्भवती की जांच की गई। जांच में 172 गर्भवती उच्च जोखिम युक्त मिली। उच्च जोखिम युक्त गर्भवती की लगातार निगरानी की जाएगी। उनके खानपान पर विशेष ध्यान देने एवं पौष्टिक आहार के साथ आवश्यक दवाएं नियमित रूप से लेने का सुझाव दिया गया है।