बलरामपुर। बारिश व मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में भी इसका असर देखने को मिला। रविवार को आयोजित मेले में कुल 654 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से अधिकतर मरीज वायरल बुखार से पीड़ित थे।
रविवार को जिले के 24 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का आयोजन किया गया। बारिश के चलते ज्यादातर अस्पतालों में मरीजों की संख्या काफी कम दिखी। महराजगंज तराई, महदइेया बाजार, रेहरा बाजार व कौवापुर आदि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में इक्का-दुक्का मरीज ही इलाज के लिए पहुंचे। जिन स्थानों पर मरीज पहुंचे भी उनमें सबसे अधिक संख्या वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम व सरदर्द के मरीजों की थी। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल बुखार व संक्रामक रोग के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीजों का बेहतर उपचार हो सके इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार अवकाश के दिन भी मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला आयोजित करने का निर्णय लिया है। शासन की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में आने वाले मरीजों का परीक्षण कर मुफ्त दवाएं दी जा रहीं हैं। 24 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जनआरोग्य मेले में 240 महिला, 339 पुरुष व 131 बच्चों सहित कुल 654 मरीजों का उपचार किया गया।