बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में इंटरमीडिएट के दो विद्यार्थी बराबर अंक लाकर जिले की मेरिट में प्रथम स्थान पर रहे। उतरौला के दिव्यांश तिवारी व शहर की जैनब खान मेरिट में शीर्ष पर हैं।
अमर उजाला ने परिणाम के तत्काल बाद उतरौला के दिव्यांश का सम्मान शुक्रवार को ही किया था। शनिवार को शहर के नौशहरा मोहल्ले की जैनब खान को जिले में अव्वल आने पर सम्मानित किया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने अमर उजाला ईयर बुक भेंट कर जैनब को सम्मानित किया।
कहा कि बेटियों के लिए जैनब मिसाल हैं, जिले में पहला स्थान हासिल कर शहर का मान बढ़ाया है, इनसे सभी को सीख लेनी चाहिए। माला पहनाकर जैनब को शुभकामनाएं दी गईं। जैनब ने अमर उजाला का आभार जताया, कहा कि ईयर बुक उनके लिए काफी खास है। आगे की तैयारी में मददगार होगी।