Achievers Award: मेधा को मिला सम्मान तो चेहरे पर आई मुस्कान, बलिया के डीएम ने छात्र-छात्राओं का बढ़ाया उत्साह
बलिया में अमर उजाला अचीवर्स अवार्ड को बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में आराम सभी को अच्छा लगता है, लेकिन इसको त्यागने के बाद ही लक्ष्य की प्राप्ति होगी।
विस्तार
जीवन का लक्ष्य एक होना चाहिए। वह भी एक बड़ा लक्ष्य हो। लक्ष्य को लेकर विचलित न हों। सही लक्ष्य निर्धारित करें। इसके बाद लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी ताकत झोंक दीजिए। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल ने कहा था कि नींद में आने वाले सपने नहीं होते। सपने वह होते हैं जो नींद नहीं आने दें। उक्त बातें अमर उजाला अचीवर्स अवार्ड के बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि जीवन में आराम सभी को अच्छा लगता है, लेकिन इसको त्यागने के बाद ही लक्ष्य की प्राप्ति होगी। यदि आप कठिन परिश्रम करते हैं तो लक्ष्य हासिल करने से कोई ताकत आपको नहीं रोक सकती। अपनी सोच को सकारात्मक रखें। इस जिले की मिट्टी काफी उर्वरा है। देश-विदेश में उच्च पदों पर यहां के लोग हैं। यह मुझे यहां आने के बाद पता चला है।
अभिभावकों को भी उनकी जिम्मेदारी समझाईं
डीएम ने थॉमस ऐल्वा एडिसन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका पढ़ाई में मन नहीं लगता था। स्कूल से उन्हें निकाल दिया गया था, लेकिन उनकी मां ने उन्हें पढ़ाया। उनके अंदर सकारात्मक सोच भरी। नतीजा ये हुआ कि एडिसन आगे चलकर महान आविष्कारक बने।
इस उदाहरण से उन्होंने अभिभावकों को भी उनकी जिम्मेदारी समझाईं। यह मायने नहीं रखता कि आप किस जाति, धर्म या वर्ग के हैं। मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता, अभी से अनुशासित होकर मेहनत करेंगे तो आपका भविष्य बेहतर होगा। आपने जो लक्ष्य सोचा है उसे अवश्य प्राप्त करेंगे।

एसपी बोले- कोई किसी की कॉपी न करे
एसपी एस आनंद ने कहा कि कोई किसी की कॉपी न करे। जिसमें रुचि हो, उसी में आगे बढ़ने का प्रयास करें। उचित मार्गदर्शन के लिए अपने गुरु और अभिभावकों से सलाह लें। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार ने बच्चों को प्रोत्साहित किया। बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के साथ जीवन में अच्छा नागरिक बनने और संवेदनशील होने के लिए प्रेरित किया। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत करने करने की सलाह दी। अभिभावकों को उनकी जिम्मेदारी भी समझाई।

इससे पहले अतिथियों जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, एसपी एस आनंद, जेएनसीयू के वीसी प्रो. संजीत कुमार गुप्ता और कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक जदयू के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर शहर के टाउन हॉल स्थित बापू भवन में समारोह का उद्घाटन किया।
जिले के टॉपरों के अलावा यूपी बोर्ड, सीबीएसई और सीआईएससीई के 10वीं और 12वीं में अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अवार्ड पाकर मेधावियों के चेहरे खिल उठे। प्रायोजक आदर्शनी टीवीएस के नितिन वर्मा ने गिफ्ट हैंपर देकर मेधावियों को सम्मानित किया। करियर काउंसलर नीरज राय ने बच्चों को मोटिवेट करने के साथ ही उनकी जिज्ञासाओं को समाधान किया। संचालन शुभम तिवारी ने किया।
