बलिया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में पिचकारी और रंगों के बाजार में गहमागहमी बढ़ती जा रही है। बच्चे अपने अभिभावकों के साथ पिचकारी और रंगों की खरीदारी करना शुरू कर दिया हैं। इस वर्ष भी चाइनीज पिचकारियां बाजार में देखने को नहीं मिल रही है। इस दौरान बाजार में छोटा भीम, मोटू-पतलू, बंदूक सहित विभिन्न प्रकार की पिचकारियां बाजारों में बिकनी शुरू हो गया है।
होली का त्योहार इस वर्ष अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार 18 मार्च तथा हिंदू पंचाग के अनुसार 19 मार्च को होना बताया जा रहा है, जो महज पांच दिन शेष रह गया है। होली को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों में रंगों और पिचकारी की दुकानें सज कर तैयार हो गई है। दुकानों पर छोटा भीम, मोटू-पतलू, बंदूक सहित विभिन्न प्रकार की पिचकारियां देखने को मिल रही है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के मुखौटा भी दुकानों पर देखने को मिल रहा है। इस दौरान बच्चें अभिभावकों के साथ मनपसंद रंग व पिचकारियों की खरीददारी की। वहीं अभिभावक साबुनदाना, आलू के चिप्स व पापड़ सहित अन्य खाद्य पदार्थो की खरीदारी की। दुकानों पर ग्राहकों की बढ़ रही भीड़ को देख दुुकानदारों के चेहरे खिलखिला गए है। दुकानदारों का कहना है कि एक-दो दिन में ग्राहकों की और भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।