बेल्थरारोड/फेफना। मंडल रेल प्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने बृहस्पतिवार को बेल्थरारोड और फेफना रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। डीआरएम ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, दोहरीकरण कार्य, परिचालनिक क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त न देख नाराजगी जताई।
बेल्थरारोड स्टेशन के प्लेटफार्म से बाहर स्टेशन परिसर को बाउंड्री कर सुरक्षित करने का आदेश दिया। आवंटित दुकानों को डाकबंगला-मालगोदाम मार्ग पटरी के किनारे हटाकर दुकानों के सामने की चौड़ाई बढ़ाने को कहा। वाहनों का पार्किंग स्थल बदलने, स्टेशन सीमा के बाहर अवैध अतिक्रमणों को हटाने का निर्देश दिया। साफ-सफाई एवं पेयजल की उपलब्धता सुधारने को कहा। डीआरयूसीसी के सदस्य देवेन्द्र कुमार गुप्त ने गाड़ियों के सामान्य नंबर से चलाने और खराब मौसम में भी कृषक एक्सप्रेस के सुचारू संचालन के लिए आभार प्रकट किया। फेफना स्टेशन पर चल रहे विभिन्न कार्यों का गहन निरीक्षण किया। प्लान देखा और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यों के नक्शे का अवलोकन किया। कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। दोहरीकरण के अंतर्गत यात्री सुविधा विकास कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीनियर डीओएम नरेन्द्र कुमार जोशी, वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक संजीव शर्मा, एके सिंह, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर मनोज कुमार सिंह व स्टेशन अधीक्षक दिनेश मौर्य मौजूद रहे।