बलिया। जिला चिकित्सालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और छात्रनेताओं पर दर्ज कराए गए मुकदमा के विरोध में छात्राओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। छात्रनेताओं जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उनके प्रतिनिधि को सौंपा। कहा कि जिला चिकित्सालय के चिकित्सक जन उपचार की जगह धन उगाही में लगे हैं। सीएमएस को निलंबित करने की मांग की।
चार अगस्त को टीडी कालेज के छात्रनेता आदित्य सिंह व सूरज गुप्ता एक मरीज को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां 12 बजे दिन तक एक चिकित्सक अपने चेंबर में नहीं थे और उनकी अनुपस्थिति की कोई सूचना भी नहीं थी। दर्जनों मरीज और उनके तीमारदार परेशान थे। इसकी शिकायत जब सीएमएस से की गई तो वो छात्रनेताओं के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। इसको लेकर छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। मांग की कि सीएमएस को तत्काल निलंबित किया जाए। छात्रनेताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस लिया जाए। छात्रों की ओर सीएमएस पर मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार में लिप्त दर्जनों चिकित्सकों का गैर जनपद स्थानांतरण किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू, यशजीत सिंह, आदित्य प्रताप सिंह, सूरज कुमार गुप्ता, शिप्रांत सिंह, अमन मिश्रा, प्रीतम प्रजापति, सूर्यप्रकाश उर्फ गोलू, वीर प्रताप सिंह, अनूप पांडेय, रजनीश सिंह, दीपक पासवान, गोलू सिंह, आलोक कुमार आदि शामिल रहे।