बलिया: रेलवे ट्रैक पर रखी लोहे की पटरी से टकराई सारनाथ एक्सप्रेस, इंजन हुआ खराब, टला बड़ा हादसा
बलिया जिले में बकुल्हा और सुरेमनपुर स्टेशन के बीच इब्राहिमाबाद गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर लोहे की पटरी रख दी थी। जिसे लोको पायलट ने देख लिया, और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को रोकने का प्रयास किया। रोकते-रोकते ट्रेन पटरी से टकरा गई और इंजन खराब हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया-छपरा रेलखंड पर दुर्ग से छपरा जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस मंगलवार रात दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बच गई। अराजकतत्वों ने बलिया जिले में बकुल्हा और सुरेमनपुर स्टेशन के बीच इब्राहिमाबाद गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर चार फीट लंबी लोहे की पटरी रख दी थी। लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन गाड़ी रुकते-रुकते पटरी से टकरा गई। इससे इंजन में खराबी आ गई। लगभग दो घंटे तक गाड़ी रुकी रही। छपरा से दूसरा इंजन मंगाकर गाड़ी को रवाना किया गया।
05160 डाउन स्पेशल सारनाथ एक्सप्रेस लगभग साढ़े नौ बज रात को सुरेमनपुर से छपरा के लिए रवाना हुई। सुरेमनपुर स्टेशन से करीब चार किमी पूरब दिशा में इब्राहिमाबाद गांव के सामने जटहवा बाबा के स्थान के पास रेलवे पटरी पर अराजकतत्वों ने चार फीट लंबी टूटी रेल की पटरी रख दी थी। चालक को आभास हो गया कि पटरी पर कुछ रखा हुआ है।
चालक ने ट्रेन रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन रुकते-रुकते लोहे की पटरी से टकरा गई और इंजन में खराबी आ गई। इसकी सूचना चालक ने सुरेमनपुर व बकुलहा रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टरों को दी। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक एलपी वर्मा ने इसकी सूचना रेलवे के कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम के निर्देश पर छपरा से दूसरा रेल इंजन आया।
इसके बाद छपरा के लिए ट्रेन रवाना की गई। लगभग दो घंटे तक सुनसान इलाके में ट्रेन रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। रेल मार्ग पर यातायात भी ठप रहा। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एलपी वर्मा ने बताया कि एक बड़ा हादसा टल गया है। इस संबंध में अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। मौके पर जीआरपी व आरपीएफ ने पहुंचकर मौका मुआयना किया है। आगे की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में होगी।