लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के कोड़रहा ढाला से कोड़रहा गांव जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास शुक्रवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने दो चार पहिया वाहन सवार लोगों से 38000 नकद, चार मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक की पिटाई कर दी। पीड़ितों ने 112 नंबर पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन बदमाशों का कहीं पता नहीं चल सका। दोकटी पुलिस पीड़ितों के तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।
दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज निवासी राकेश शर्मा पुत्र सच्चिता नंद शर्मा अपने स्कार्पियो और रामेश्वर तिवारी पुत्र स्वर्गीय अजब नारायण तिवारी अपने बोलेरो से शुक्रवार के दिन अपने-अपने काम से बिहार के आरा जिला गए थे। जहां दोनों लोगों की मुलाकात हो गई। कार्य होने के बाद दोनों लोग अपनी-अपनी गाड़ी से रात को आरा से वापस घर आ रहे थे। जैसे ही दोनों शुक्रवार की रात करीब 12.30 बजे कोडरहा गांव से पश्चिम व बीएसटी बंधे के पूरब बनी पुलिया के पास पहुंचे, वैसे ही अज्ञात बदमाशों ने दोनों गाड़ियों का मार्ग अवरुद्ध कर रोक दिया। इसके बाद दोनों गाड़ियों में बैठे लोगों पर असलहा सटाकर राकेश शर्मा से 20 हजार नगद और उनकी रेडमी मोबाइल, चालक शमीम से उसका ड्राइविंग लाइसेंस छीन लिया। वहीं दूसरी गाड़ी में बैठे रामेश्वर तिवारी व उनके लड़के श्रीकांत तिवारी के पास से 18 हजार रुपये नगद व तीन एंड्राइड मोबाइल छीन लिए। जिसका विरोध चालक शमीम ने किया तो बदमाशों ने असलहा के बट से मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पीड़ितों द्वारा रात में ही 112 नंबर पर दी गई। करीब डेढ़ घंटे बाद 112 नंबर की गाड़ी घटना स्थल पर पहुंच पीड़ितों को घर पहुंचवायी। शनिवार को पीड़ित राकेश शर्मा के द्वारा दोकटी पुलिस को तहरीर दी गई। जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई। राकेश शर्मा ने बताया कि दोकटी थाना क्षेत्र के कोडरहा गांव निवासी रविंद्र यादव बाइक से वापस अपने घर उसी समय आ रहे थे। उन्हें भी घेर कर बदमाशों ले उनके पास से 1700 रुपये लूट लिया था। इस बाबत क्षेत्राधिकारी बैरिया अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके लिए टीम गठित कर दिया गया है।