बैरिया। सुरेमनपुर गांव के सामने रेल पटरी को पार कर हो रहे आवगमन को ठप करने के लिए बुधवार को रेल प्रशासन जेसीबी से सड़क मार्ग पर गड्ढा खोदवा रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए रेल कर्मचारियों को खदेड़ दिया। इसके बाद गांव के लोग रेल पटरी पर खड़े होकर रेल प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुरानी सुरेमनपुर-करमानपुर सड़क मार्ग से हम लोग आवागमन करते हैं। रेल प्रशासन आवागमन के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था करे फिर रेल पटरी से होकर आवागमन को बंद करें। इसके बाद प्रधान प्रतिनिधि दीनदयाल प्रसाद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रेल महाप्रबंधक को संबोधित ज्ञापन सुरेमनपुर स्टेशन मास्टर को सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि गंगापुर, सुरेमनपुर, हेमंतपुर ग्रामीणों ने बताया छह माह पूर्व भी रेल प्रशासन सड़क मार्ग के दोनों तरफ गड्ढे खोदवा कर आवागमन को रोकने का प्रयास कर चुका है। उस समय रेल विभाग के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन दिया गया था। लेकिन आज तक आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना एक बार फिर सड़क अवरुद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है, जो हम होने नही देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सुरेमनपुर-करमानपुर यही एक मात्र मुख्य मार्ग है। इसी रास्ते से हम विद्यालय, अस्पताल व बाजार वर्षों से आते जाते रहे हैं। ज्ञापन देने वालों में श्रीनाथ भारती, कौशल कुमार यादव, अशोक पांडेय, मंगनी राम, श्यामबिहारी पांडेय, उमाशंकर पांडेय, हरख यादव, रमावती देवी, अकली देवी, सनमतिया देवी, चंद्रावती देवी आदि रहे। उधर, सुरेमनपुर स्टेशन मास्टर एलपी वर्मा ने कहा कि रेलवे के मानचित्र में यह सड़क प्रदर्शित नहीं है लिहाजा यह अवैध रास्ता है। इसके चलते ही रेल प्रशासन की ओर से इसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है ताकि रेल की पटरियां सुरक्षित रह सकें।