लालगंज। किसान बिल की बारीकियों से विपक्ष अनभिज्ञ है। यही वजह है कि वह किसानों को बहका कर उनसे आंदोलन करवा रहा है। आंदोलन से ना तो विपक्ष को फायदा होगा और ना ही किसानों को। यह बातें बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने मंगलवार को गोविंदपुर गांव में अवकाश प्राप्त अध्यापक विश्वनाथ पांडेय के यहां आयोजित कंबल वितरण के दौरान कहीं। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार के किसी भी योजना से किसी को अहित नहीं होगा यह बात दीगर है कि विपक्ष के पास कुछ मुद्दा नहीं है और वह उल्टे सीधे बातों में फंसा कर जनता को गुमराह कर रहा है। मुद्दा विहीन विपक्ष किसी का भला नहीं चाहता। विधायक ने 120 परिवारों में कंबल का वितरण किया। बताया कि 5000 लोगों को कंबल बांटा जाएगा। इस दौरान परशुराम सिंह, शक्ति सिंह, रामगोपाल सिंह, अशोक पांडेय, शिवजी तिवारी, अखिलेश पांडेय, सुरेश पांडेय, अमर साह, शिवजी पांडेय, सुशील पांडेय, पूर्व प्रधान प्रदीप ठाकुर मौजूद थे।