मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसा: बलिया में NH-31 पर बेकाबू ट्रक ने मां-बेटी समेत तीन को रौंदा, एक की मौत
बलिया के बैरिया में मदीना खातून (35) अपनी बड़ी बहन हसीना खातून (45) और उनकी बेटी शाहिदा खातून (15) के साथ फजर की नमाज के बाद मॉर्निंग वॉक के लिए सड़क पर निकली थी। तीनों को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में मदीना की मौके पर ही मौत हो गई।
विस्तार
यूपी के बलिया जिले में एनएच-31 पर बैरिया डाकघर के सामने सोमवार सुबह मां बेटी समेत तीन महिलाओं को ट्रक ने रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक की मौके पर ही मौत और दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इनमें से एक को सामुदायिक स्वास्थ्य सोनबरसा के चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और वहां से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। एक महिला का इलाज सोनबरसा अस्पताल में ही चल रहा है। ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
मदीना खातून (35) पत्नी मुबारक खातून मूल निवासी लालगंज थाना दोकटी हैदराबाद में अपने पति के साथ रहती थी। शनिवार को अपने पति के साथ सुरेमनपुर स्टेशन उतर कर अपनी बहन हसीना खातून पत्नी शफाकत अली निवासी चंपासती मोहल्ले में गई।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ हादसा
सोमवार सुबह मदीना खातून अपनी बड़ी बहन हसीना खातून (45) पत्नी शफाकत अली व उनकी बेटी शाहिदा खातून (15) पुत्री शफाकत अली के साथ फजर की नमाज के बाद मॉर्निंग वॉक के लिए सड़क पर निकली थी। टहलते हुए एनएच 31 के पटरियों के रास्ते बैरिया डाकघर के सामने पहुंची थी। तभी छपरा की तरफ से कॉस्टमेटिक सामान लेकर बलिया की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों को कुचल दिया।
मदीना खातून (35) की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बड़ी बहन हसीना खातून व उनकी बेटी शाहिदा खातून घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने तीनों को सोनबरसा अस्पताल पहुंचाया, जहां मदीना को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शाहिदा खातून की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जबकि हसीना खातून का इलाज सोनबरसा अस्पताल में चल रहा है।