बलिया: महिला को बचाने के चक्कर में बेकाबू स्कार्पियो ने चार को रौंदा, एक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
तेज रफ्तार स्कार्पियो अतरसुआ चट्टी के पास महिला को बचाने के चक्कर में गुमटी के पास खड़े चार लोगों को रौंदते हुए गुमटी से जा टकराई। टक्कर के बाद गुमटी पलट गई। घटना के बाद चालक और सवार स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गए।
विस्तार
बलिया जिले में पकवाइनार-सिधागर मार्ग स्थित अतरसुआ चट्टी के समीप सोमवार को दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कार्पियो चार लोगों को रौंदते हुए अनियंत्रित होकर गुमटी से जा टकराई। दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कार्पियों को बीच सड़क पर खड़ी कर मार्ग जाम कर दिया। मांगों के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। आधे घंटे के जाम के दौरान सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एसडीएम प्रभु दयाल, कोतवाल नागेश उपाध्याय के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
पकवाइनार से जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो अतरसुआ चट्टी के पास महिला को बचाने के चक्कर में गुमटी के पास खड़े चार लोगों को रौंदते हुए गुमटी से जा टकराई। टक्कर के बाद गुमटी पलट गई। घटना के बाद चालक और सवार स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गए।
गुमटी में साइकिल बनाने वाले मिस्त्री मुस्तफाबाद निवासी बैजू राम (34) पुत्र रामजन्म, अतरसुआ निवासी अमरदेव का 13 वर्षीय पुत्र अमन खरवार, धनईपुर निवासी सुरेंद्र यादव का 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष यादव, नगरा थाना के तियरा हैदरपुर निवासी राधिका देवी (52) पत्नी बेचू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल बैजू राम को इलाज के लिए मऊ जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कार्पियो को सड़क पर खड़ी कर मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसडीएम और कोतवाल के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव और वाहन को कब्जे में ले लिया है। मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है। एक पुत्र दिव्यांग है। पत्नी सविता रो-रोकर बेहाल है।
बहन की शादी के लिए मिठाई लाने जा रहे युवक की हादसे में मौत
फेफना थाना क्षेत्र के मिड्ढा पानी टंकी मोड़ के पास सोमवार की सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं एक युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपनी चचेरी बहन की शादी के लिए मिठाई लाने जा रहा था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के परमांदापुर निवासी मोहम्मद अख्तर (31) अपने दोस्त नसीम अंसारी (41) के साथ बाइक पर सवार होकर सुखपुरा थाना क्षेत्र के बनरही चट्टी पर मिठाई लाने जा रहे था। जैसे ही फेफना थाना क्षेत्र के पानी टंकी मोड़ के पास पहुंचे गड़वार की तरफ से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद अख्तर को मृत घोषित कर दिया। वहीं नसीम की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मोहम्मद अख्तर की चचेरी बहन की शादी आज ही है।