बलियाः मॉर्निंग वॉक पर गए बुजुर्ग की तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
बैरिया-रेवती मार्ग स्थित गंगा पांडेय के टोला में मॉर्निंग वॉक कर घर वापस लौट रहे बरमेश्वर पांडेय (70) को तेज रफ्तार बुलेट ने टक्कर मार दी। बुजुर्ग को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
विस्तार
यूपी के बलिया जिले में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बुलेट सवार भी घायल हो गया। वह मौके पर बुलेट को छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समझा-बुझा कर दो घंटा बाद जाम समाप्त कराया।
बैरिया-रेवती मार्ग स्थित गंगा पांडेय के टोला में मॉर्निंग वॉक कर घर वापस लौट रहे बरमेश्वर पांडेय (70) को तेज रफ्तार बुलेट ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोग घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सीएचसी सोनबरसा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गंगा पांडेय के टोला में यह सूचना पहुंचते ही आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
बैरिया-रेवती मार्ग जाम कर दिया। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना पर मौके पर पहुंचे रेवती थानाध्यक्ष यादवेंद्र पांडेय ने ग्रामीणों से बात की। आक्रोशित ग्रामीण बुलेट चालक पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग कर रहे थे। विधायक सुरेंद्र सिंह ने भी फोन पर आक्रोशित लोगों से बात की।
रेवती थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि हादसे के दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन के लगभग दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। एसएचओ यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मृतक के बेटे राजेश पांडेय की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बुलेट चालक दतहां निवासी गुड्डू यादव (25) भी घायल है। उसका इलाज सीएचसी रेवती में चल रहा है।