मतदाता पहचान पत्र वितरित करने में होने वाली लापरवाही और वसूली को बंद करने के लिए चुनाव आयोग ने अब नई व्यवस्था की है। अब मतदाताओं के घर वोटर आईडी डाकिए पहुंचाएंगे। जिले में नए मतदाता के रूप में शामिल होने के लिए करीब 25,489 युवाओं ने आवेदन किया है। अब डाक से सीधे इन लोगों के पते पर मतदाता पहचान पत्र पहुंचेगा।
जिले के मतदाताओं को पहचान पत्र मिलने में अब किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। अभी तक तहसीलों से मतदाता पहचान पत्र बीएलओ और लेखपालों के माध्यम से वितरित किए जाते थे। कई बार मतदाताओं से सुविधा शुल्क लेने की बात भी सामने आती थी। कई बार वितरित न करने और फर्जी पते पर मतदाता पहचान पत्र बनवाने के मामले भी सामने आए। इस पर रोक लगाने के लिए चुनाव आयोग अब डाकघरों के माध्यम से सीधे मतदाताओं को पहचान पत्र मुहैया कराएगा। जिले में करीब 25489 युवा मतदाता हैं, जिन्होंने अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन किया है। वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में जिले में 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं से आनलाइन और ऑफलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। नए मतदाता के रूप में जिले में करीब 25489 युवाओं ने मतदाता सूची में नाम डालने के लिए आवेदन किया है। करीब 10,458 लोगों ने डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र के लिए आवेदन किया है।