साक्षात्कार में 300 प्रतिभागियों ने की सहभागिता
अमर उजाला ब्यूरो
बलिया। नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय युवा स्वयं सेवक का साक्षात्कार सोमवार को वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हुआ। इस दौरान बैरिया, मुरली छपरा, सोहांव, बेरूआरबारी, चिलकहर, बांसडीह, दुबहर, मनियर, गड़वार एवं बेलहरी के 300 प्रतिभागी साक्षात्कार में भाग लिए। साक्षात्कार समिति की अध्यक्षता जिलाधिकारी द्वारा नामित प्रतिनिधि रसड़ा के उपजिलाधिकारी विपिन कुमार जैन (आईएएस) ने किया। साक्षात्कार समिति में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा नामित सदस्य के रूप में डा धर्मेंद्र सिंह टीडी कालेज बलिया तथा भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष अरूण सिंह बंटू एवं साक्षात्कार समिति के संयोजक के रूप में नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक कपिल देव राम उपस्थित रहे। इस मौके पर अभिनव वर्मा, अंकू गुप्ता, नवीन कुमार सिंह, प्रशांत कुमार पांडेय, ओमप्रकाश मिश्र आदि रहे।