बैरिया। धर्मध्वज फहरा कर व फीता काटकर संत शिरोमणि सुदिष्ट बाबा के धनुषयज्ञ मेला का शुभारंभ संत स्व रामबालक बाबा के शिष्य मौनी बाबा द्वारा अगहन सुदी पंचमी (बुधवार) को किया गया। ग्राम प्रधान बंदना गुप्त व प्रधान संघ के अध्यक्ष रोशन गुप्त द्वारा विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संत महात्माओं की मौजूदगी में धर्मध्वज का पूजन किया गया।
200 वर्ष पूर्व संत सुदिष्ट बाबा द्वारा आयोजित यह मेला दिनोदिन अपना स्वरूप बदलता जा रहा है। बावजूद इसके मंगलवार की शाम को ही कम से कम 30 हजार श्रद्धालुओं ने सुदिष्ट बाबा की समाधि पर पहुंचकर कल्पवास किया। दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी सामाजिक कार्यकर्ता व आमजन शामिल थे। संत स्व रामबालक बाबा के शिष्य ने इशारों में बताया कि मैं 23 वर्षो से मौन व्रत हूं लेकिन संत परंपराओं के अनुरूप धनुष यज्ञ मेला लगता रहेगा और इस मेले का उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार प्रसार हो। मेले में छात्रनेताओं द्वारा निशुल्क पेयजल व गर्म चाय दर्शनार्थियों के लिए कैंप लगाकर मुहैया कराया जा रहा है। वहीं निशुल्क चिकित्सा शिविर, ग्राम प्रधान के कार्यालय में खोया-पाया सेंटर स्थापित किया गया है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस मेले में देश के कोने से अलग-अलग सामानों की दुकानें मेले में आई हुई हैं। मेले के उद्घाटन पर संत मौनी बाबा, ग्राम पंचायत सचिव जगनारायण यादव, अर्जुन चौधरी, शुभम गुप्त, छोटे गुप्त, उमेश गुप्त, हृदयानंद सिंह, मुखिया आदि रहे।