बलिया। जिले में ठंड बढ़ने के साथ ही इलेक्ट्रानिक दुकानों पर भीड़ दिखाई देने लगी है। बाजारों में रूम हीटर, ब्लोअर, गीजर और इमर्शन रॉड जैसे हीटिंग उपकरणों की मांग बढ़ गई है। कीमतों में भी थोड़ी वृद्धि हुई है, हालांकि लोग कम बिजली की खपत वाले और आधुनिक सेफ्टी फीचर्स वाले मॉडल पसंद कर रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि इस बार खरीदारी का पैटर्न बदला है।
पहले जहां पर लोग शानदार डिजाइन और लुक वाले उत्पादों की खरीदारी करते थे वहीं अब लोग सुरक्षा फीचर, लंबी चलने वाली मशीनें, कम बिजली खपत वाले नए मॉडल्स खरीद रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि इस बार पीटीसी तकनीक वाला हीटर, क्वाट हीटर के साथ ब्लोअर लोगों को काफी पसंद आ रहा है। ये न सिर्फ कमरे को जल्दी गर्म करते हैं, बल्कि बिजली का बिल भी बचाते हैं। विशेषकर मध्यम वर्ग के लोग पांच और चार रेटिंग्स वाले उपकरण पसंद कर रहे हैं। बाजार में 400 से 2000 वॉट तक की रेंज वाले हीटर उपलब्ध हैं। इसके अलावा ब्लोअर का भी प्रचलन बढ़ रहा है। स्टेशन-शहीद चौक मार्ग के इलेक्ट्रानिक व्यापारी सुरेश केजरीवाल ने बताया कि अभी गीजर की अधिक बिक्री हो रही है। आमजन फाइव स्टार रेटिंग्स वाले उपकरण अधिक पसंद कर रहे हैं। यह कम बिजली खपत करते हैं। उन्होंने बताया कि सन हीटर 1700 रुपये का है। 1200 से तीन हजार रुपये हैलोजन हीटर उपलब्ध हैं।