सिकंदरपुर। होली व शब-ए- बरात त्यौहार को लेकर शांति समिति की बैठक रविवार को चौकी सिकंदरपुर के प्रांगण में अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें होली व शब-ए- बरात को लेकर होने वाली समस्याओं के बारे में प्रशासन द्वारा समिति के सदस्यों से जानकारी ली गई एवं उसके निस्तारण का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारा को कायम रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में शांतिपूर्वक मनाएं एवं एक दूसरे की भावनाओं का ख्याल करें। छोटी-छोटी घटनाओं को तुरंत ही उच्चाधिकारियों को बताएं एवं अफवाहों पर ध्यान ना दें। कहा कि हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। वहीं हल्दी में होली व शब-ए- बरात को लेकर रविवार को हल्दी थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी अशोक त्रिपाठी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक की गई। जिसमें ग्राम प्रधानों व सभी समुदाय के संभ्रात लोग रहे। क्षेत्राधिकारी श्री त्रिपाठी ने ग्राम प्रधानों से गांव में होली व शब-ए-बरात पर होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली और डीजे, डांस व दारू को लेकर एहतियात बरतने को कहा। वहीं थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि त्योहार पर चुनावी रंजिश को लेकर गांव में कोई विवाद नहीं होना चाहिए। कहा कि त्योहार पर गांव में यथासंभव सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने का प्रयास करें। इस मौके पर उपनिरीक्षक राधेश्याम सरोज, शिव मूर्ति तिवारी, शैलेन्द्र पांडेय, ग्राम प्रधान वीरेंद्र मिश्रा, मोतीलाल चौधरी, परमेश्वर यादव, अजय चौबे आदि रहे।