बलिया: डीएम कार्यालय में बनेंगे आयुष्मान कार्ड, आधार से पांच मिनट में होगा पंजीकरण
बलिया के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयुष्मान कार्ड शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों समेत योजना के पात्र लोगों के कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं।
विस्तार
बलिया के जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लगाए गए आयुष्मान कार्ड शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्ड बनाने की प्रक्रिया, लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं और पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को कार्ड बनवाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों समेत योजना के पात्र अन्य लोगों के आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनाए जा रहे हैं। पात्र व्यक्ति जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में पहुंचकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपना आधार कार्ड साथ लेकर आएं और महज पांच मिनट में आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ उठाएं।
जरूरत पड़ने पर उपचार में मिलेगी सुविधा
जिलाधिकारी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत उपचार की सुविधा मिलती है। इसलिए पात्र लोगों को समय रहते कार्ड बनवा लेना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
जनसुनवाई में भी बनवाया जा सकेगा कार्ड
डीएम ने बताया कि जनपद वर्तमान में आईजीआरएस में 11वें स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। जनसुनवाई में आने वाले पात्र लोगों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने जिले के पात्र नागरिकों से इस सुविधा का लाभ उठाकर अपना कार्ड अवश्य बनवाने की अपील की।