Ballia: जिम से घर लौट रहे युवक को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर हालत में वाराणसी रेफर
बलिया जिले में कुम्हैला-रजौली मार्ग पर बुधवार शाम जिम से घर लौट रहे युवक को
बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से घायल युवक को वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
बलिया जिले में कुम्हैला-रजौली मार्ग पर बुधवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने मनीष मिश्रा (22) निवासी बिनहा को गोली मार दी। मनीष जिम से वापस घर लौट रहा था। पीठ पर गोली लगने से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है। इधर, सरेराह गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गोली लगने से घायल मनीष पांडेय ने बताया कि जिम कर बाइक से घर लौट रहा था। कुम्हैला--रजौली मार्ग के पीपल के पेड़ के समीप पीछे से आए बाइक सवार दो लोगों ने मुझे रोका। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता उन्होंने गोली चला दी। पीठ पर गोली लगी और मैं अचेत होकर वहीं गिर गया।
गोली की आवाज सुन आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर कोतवाल राजीव सिंह जिला अस्पताल में मौजूद रहे। सहतवार थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल को वाराणसी रेफर किया गया है।
रेलवे पटरी पर अधेड़ का मिला शव
बलिया-छपरा रेलखंड पर रघुनाथपुर पिपरपाती गांव के पास रेलवे पटरी पर एक अधेड़ का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिय।
बताया जाता है कि बांसडीहरोड स्टेशन पर बुधवार को किसी व्यक्ति ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी कि रघुनाथपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर एक शव क्षत-विक्षत पड़ा है। इसके बाद स्टेशन मास्टर द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद घटना स्थल पर पुलिस पहुंच अधेड़ के शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष राजकपूर सिंह ने घटनास्थल पर जाकर शव का निरीक्षण किया तो पटरियों पर बीचोबीच एक अधेड़ व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान वीरबहादुर यादव (48) पुत्र कामता निवासी शंकरपुर वन डेरा के रूप में हुई।