बलिया: पुलिया के नीचे पानी में मिला युवती का शव, मौत की परिस्थितियां संदिग्ध; सुबह घर से निकली थी
बलिया के सिकंदरपुर क्षेत्र में कीकोढ़ा मार्ग स्थित बड़ी पुलिया के नीचे पानी में 24 वर्षीय मुस्कान का शव मिला। मां के मुताबिक, युवती शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार थी और सुबह घर से निकली थी। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
विस्तार
सिकंदरपुर के कीकोढ़ा मार्ग स्थित बड़ी पुलिया के नीचे मंगलवार को पानी में 24 वर्षीय युवती का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान कीकोढ़ा गांव निवासी मुस्कान के रूप में हुई। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुबह घर से निकली थी मुस्कान
कीकोढ़ा गांव निवासी रेयाज खान टैंकर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। काम के सिलसिले में वह अक्सर प्रदेश से बाहर रहते हैं। घर पर मुस्कान अपनी मां मुरैना के साथ रहती थी। मां ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी काफी समय से शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार थी। मंगलवार की सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। बाद में बड़ी पुलिया के नीचे पानी में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
मां-बेटी के बीच विवाद की भी चर्चा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक दिन पहले मां-बेटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। शव की स्थिति और मौत के कारणों को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कुछ लोगों ने शव पुराना होने की आशंका भी जताई। फिलहाल, मौत की वजह स्पष्ट नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि कीकोढ़ा नाले में युवती का शव मिला था। उसकी पहचान मुस्कान (24) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां ने बताया कि वह काफी दिनों से शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार थी और मंगलवार सुबह घर से निकली थी। मां के अनुसार, वह नहर की पुलिया से नीचे गिर गई थी। युवती की मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।