लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र के दलन छपरा चट्टी स्थित मोबाइल व फोटो स्टेट की दुकान की रखवाली के लिए सोए युवक पर शनिवार की रात अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। पड़ोस के दुकानदार की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने दोकटी पुलिस को सूचना दे दी है।
दलन छपरा गांव निवासी धीरज राम की गांव के चट्टी पर मोबाइल व फोटो स्टेट की दुकान है। वह दुकान की रखवाली के लिए रात को सोता है। शनिवार को वह मोबाइल पर क्रिकेट मैच देखने के बाद सो गया। आधी रात के करीब एक बाइक से तीन लोग पहुंचे व पहुंचते ही लाठी, डंडा व धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर बेहोश हो गया। इसी बीच बगल के दुकानदार खुर्शीद आलम की नींद खुल गई और देखा कि धीरज बेहोश होकर बीच सड़क पर पड़ा है। खुर्शीद ने अपने भाई को जगाकर उसे उठा कर लेटाया तथा उसके घर सूचना दिया। मौके पर पहुंचे उसके घर वालों ने 100 नंबर पर सूचना देने के साथ ही उसे सीएचसी सोनबरसा ले गए जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने मामले की सूचना दोकटी पुलिस को दे दी है।