बहराइच। शहर के घसियारीपुरा वार्ड के निवासियों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदर विधायक अनुपमा जायसवाल के खिलाफ कड़ी नाराजगी जाहिर की है। कार्यकर्ताओं ने मोहल्ले में विगत पांच वर्षों से आ रही समस्याओं का अब तक निस्तारण न हो पाने को लेकर विधायक के विरोध में बैनर लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने काम नहीं तो वोट नहीं के नारे भी लगाए और मतदान के बहिष्कार की चेतावनी भी दी।
शनिवार की देर शाम घसियारीपुरा मोहल्ले के निवासी गोरव शर्मा, अभिनव मिश्रा, आनंद सिंह सहित दो दर्जन लोग विधायक के खिलाफ बैनर पोस्टर लेकर पहुंचे और विधायक विरोधी नारे लगाने लगे। उन्होंने कहा कि हम लोग पांच वर्षों से मांग कर रहे हैं कि मोहल्ले की समस्याओं का निस्तारण किया जाए। लेकिन आजतक हम लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वह बीजेपी से संबंधित हैं और वोट भी करते हैं। लेकिन अगर मोहल्ले की समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो मतदान का भी बहिष्कार करेंगे।