नवाबगंज (बहराइच)। कस्बे में चौक घंटाघर के निकट जल निगम की पाइप लाइन फटने से जलभराव हो गया। इससे कस्बे के लोगों को काफी परेशानी हुई। लोगों ने शिकायत अवर अभियंता से की। लेकिन अभी तक पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया है। बार-बार पाइप लाइन फटने से लोगों में नाराजगी है।
नवाबगंज विकास खंड के कस्बा में चौक घंटाघर है। घंटाघर के निकट से जल निगम की पाइप लाइन निकली है। रविवार को पाइप लाइन कस्बे में कई जगह से फट गई। इससे सड़क पर जल भराव हो गया। कस्बे के लोगों ने सूचना अवर अभियंता को दी। लेकिन कोई भी कर्मी पाइप लाइन सही करने नहीं गया है। इससे कस्बे के लोगों में नाराजगी है। कस्बा निवासी सईद अहमद, जुनेद अहमद सिद्दीकी, तौहीद, मुजीब, संतोष आदि का कहना है कि आए दिन पाइप लाइन फटने से कस्बेवासियों को समस्या का सामना करना पड़ता है। लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं। इस मामले में अधिशाषी अभियंता जल निगम सौरभ सुमन का कहना है कि सूचना मिली है। टीम भेजकर पाइप लाइन दुरुस्त कराया जा रहा है। कस्बेवासियों को समस्या नहीं होने दी जाएगी।