बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज में शनिवार शाम करीब छह बजे करीब 20 जंगली हाथियों के झुंड की आमद से सीमावर्ती गांवों में दहशत फैल गई। झुंड का एक हिस्सा आजमगढ़पुरवा गांव के पास ओरई नाला में पानी में अठखेलियां करता दिखाई दिया, जबकि कई हाथी वन विभाग के पेट्रोलिंग कैंप तक पहुंच गए। हाथियों का इतना नजदीक पहुंचना वन विभाग के लिए भी चुनौती बन गया। ग्रामीणों ने हाथियों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जिसके बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और गजमित्रों की टीम सक्रिय हो गई। गजमित्र जयनारायन, सुरेश मौर्य, विनीता देवी, रंभा, अभय पांडेय, मंगली और पूरन ने वनकर्मियों के साथ गांव-गांव मुनादी कर लोगों को सतर्क किया।