परसा (बहराइच)। विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाए जाने के लिए विधानसभावार चुनाव प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं। रविवार को कैसरगंज विधानसभा में नियुक्त प्रेक्षक प्रदीप गोविंद चौधरी ने परसा क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान के केंद्रों पर मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया।
कैसरगंज विधानसभा प्रेक्षक प्रदीप गोविंद चौधरी ने रविवार को जय जवान जय किसान इंटर कॉलेज, उच्च प्राथमिक विद्यालय बंभौरा के मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों से उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा कर्मियों के ठहरने, मतदान कर्मियों व अन्य कर्मियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मौजूद नायब तहसीलदार अल्पिका वर्मा, थाना प्रभारी जरवल रोड राजेश सिंह को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मौजूद अधिकारियों से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरूकता फैलाने का निर्देश भी दिया। इस दौरान जरवल चौकी प्रभारी शिवनाथ गुप्ता भी मौजूद रहे।