मिहींपुरवा (बहराइच)। मिहींपुरवा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद को ज्ञापन सौंपा। साथ ही सांसद द्वारा पूर्व में किए गए वादे से भी अवगत कराया। इस पर सांसद ने कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कतर्निया मार्ग पर स्थित मिहींपुरवा कस्बे की आबादी 20 हजार है। कस्बा व्यापारिक दृष्टिकोण से भी अहम है। कस्बे में सीएचसी, बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन, गल्ला गोदाम, ब्लॉक कार्यालय, तहसील, कस्टम कार्यालय, रेंजरी तथा वन निगम समेत सरकारी व अर्द्ध सरकारी कार्यालय संचालित हैं। कस्बे में चार इंटर कॉलेज व एक डिग्री कॉलेज भी है। नगर पंचायत के सारे नियम पूरे करने के बाद भी मिहींपुरवा को नगर पंचायत का दर्जा नहीं दिया जा रहा है। मोतीपुर सिंचाई कॉलोनी में मिहींपुरवा भाजपा मंडल शिवेंद्र प्रताप सिंह की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद अक्षयवर लाल गोंड से मुलाकात की और ज्ञापन सौंप कर मिहींपुरवा को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग की। इस पर सांसद ने नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए आश्वासन दिया। इस मौके पर मंडल महामंत्री विमल पोरवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रवण मदेशिया, उपाध्यक्ष आकाश मदेशिया, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता, सेक्टर संयोजक राकेश पोरवाल, जितेंद्र चौधरी, मंडल संयोजक अतुल चौधरी, उदय वर्मा आदि मौजूद रहे।