बागपत: फास्टैग पर हंगामा, टोलकर्मियों से नोकझोंक, जबरन निकले 50 से ज्यादा वाहन
- फास्टैग को लेकर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मवी कलां टोल पर दिन भर हंगामा
- लगभग दो सौ वाहन पहुंचे बिना फास्टैग के, अधिकतर से दोगुना वसूला टोल
- 50 वाहन चालक ऐसे रहे, जो जबरन टोल से निकल गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फास्टैग अनिवार्य कर दिए जाने से पहले दिन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मवी कलां मिनी टोल प्लाजा पर दिनभर हंगामा रहा। कैश की लाइन में वाहनों की संख्या बढ़ जाने के कारण जाम की स्थिति बन गई। देर शाम तक करीब दो सौ वाहन बिना फास्टैग के गुजरे। दोगुना टोल वसूली पर टोलकर्मियों और वाहन चालकों के बीच नोकझोंक हुई। कुछ वाहन चालक तो जबरन निकल गए।
एनएचएआई ने फास्टैग अनिवार्य कर दिया है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे जिले से होकर गुजरता है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मवी कलां में इंटरचेंज बनाया गया है। सोमवार सुबह बिना फास्टैग के वाहन चालकों से दोगुना टोल लिया गया तो हंगामा खड़ा हो गया। टोल कर्मियों से दिनभर वाहन चालक नोकझोंक करते नजर आए।
वाहन चालकों का कहना था कि व्यवस्था के अनिवार्य होने की उन्हें जानकारी नहीं मिल सकी है। फास्टैग की कतार खाली रही, जबकि कैश की कतार में वाहनों की संख्या बढ़ जाने से दिन में कई बार जाम की स्थिति बन गई। टोल मैनेजर आशुतोष शुक्ला ने बताया कि वाहन चालकों को समझा बुझाकर भेजा गया है।
दोगुना वसूला गया टोल
टोल मैनेजर का कहना है कि बिना फास्टैग के पहुंचे वाहन चालकों से दोगुना टोल लिया गया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है और सुविधा का लाभ लेने के लिए भी कहा गया।
जबरन निकल गए 50 वाहन
बिना फास्टैग के पहुंचे करीब 50 वाहन ऐसे भी पहुंचे, जिन्हें लेकर हंगामा रहा। वाहन चालक टोल दिए बिना आगे निकल गए।
मवी कलां टोल पर तैनात होगी पुलिस
टोल मैनेजर आशुतोष शुक्ला ने बताया कि टोल पर पुलिस तैनात किए जाने की मांग अधिकारियों से की गई है। दोगुना टोल लेने पर वाहन चालकों से कुछ टोल कर्मियों की नोकझोंक भी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस की मांग रखी गई है।
फास्टैग की खरीदारी बढ़ी
दोगुना टोल वसूली के साथ ही सोमवार को फास्टैग की खरीदारी बढ़ गई है। मवी कलां टोल पर भी वाहन चालकों ने फास्टैग खरीदे। इसके अलावा बैंक और ऑनलाइन तरीके से भी खरीदारी हुई।