वारदात: फैक्टरी मालिक के परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर लूट, नगदी-जेवरात लेकर फरार, मौके पर पहुंचे अधिकारी
बागपत में बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार को एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। फैक्टरी मालिक के परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर बदमाश 1.78 लाख रुपये व जेवरात लूट कर फरार हो गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में लूट की एक बड़ी वारदात हो गई। बड़ौत में बेखौफ बदमाशों ने हरक्यूलिस फैक्टरी के मालिक की पत्नी, बेटे व पुत्रवधु को गन प्वाइंट पर लेकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सोने की चेन व 1.78 लाख की नगदी लूट कर फरार हो गए।
बदमाशों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
कड़ाव (कोल्हू में प्रयोग होने वाले कड़ाहा) बनाने की फैक्टरी के मालिक के मकान में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो बदमाश घुस गए। हथियार के बल पर परिवार को बंधक बना लिया और 1.78 लाख रुपये की नगदी और सोने की चेन लूट कर फरार हो गए। कोतवाली पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच और डॉग स्क्वाड ने मौका मुआयना कर सबूत जुटाए।
बावली रोड निवासी धनेंद्र जैन की बड़ौली रोड पर हरक्यूलिस नाम से कड़ाव (कोल्हू में प्रयोग होने वाले कड़ाहा) बनाने की फैक्टरी है। शुक्रवार को वे फैक्टरी पर गए हुए थे। घर में उनकी पत्नी सुमन, बेटा अभिनव, पुत्रवधू अंजली व नौकरानी कुसुम थी। दोपहर करीब सवा बारह बजे आधार कार्ड चेक करने के बहाने दो हथियारबंद बदमाश मकान में घुस गए। रिवाल्वर और चाकू के दम पर चारों को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाश 1.78 लाख की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े। सूचना पर सीओ हरीश भदौरिया, कोतवाल मगनवीर सिंह गिल के अलावा क्राइम ब्रांच व डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच की।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें: विपक्ष पर खूब गरजे, निशाने पर रहे अखिलेश, पढ़िए ऐतिहासिक रैली का हर प्वाइंट
‘कोई भी आगे आया तो मार देंगे गोली’
बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग रहे थे। मकान के ऊपरी हिस्से में बंधक बनाकर रखे गए परिजनों ने तुरंत खुद को मुक्त कर शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग उधर दौड़े और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख हथियार दिखाकर बदमाश बोले की यदि कोई आगे आया तो गोली मार देंगे। इससे लोग डर गए और दोनों बदमाश फरार हो गए।
20 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
बदमाश वारदात करने की पूरी तैयारी करके आए थे। वे करीब करीब सवा बारह बजे मकान में घुसे और 20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लोगों के अनुसार एक बदमाश बावली रोड और दूसरा पट्टी चौधरान की तरफ भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों दिशाओं में दौड़ भी लगाई, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस
दिनदहाड़े व्यापारी के घर हुई लूट की घटना से कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। बदमाश भी घटना को अंजाम देकर भागते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरे और लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है।
बावली रोड पर फैक्टरी मालिक के मकान में वारदात हुई है। मगर, अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस टीमें बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। - हरीश भदौरिया, सीओ
यह भी पढ़ें: खास तस्वीरें: ...जब उद्घाटन से पहले वर्कआउट करने लगे पीएम मोदी, खूब वायरल हो रहा वीडियो