यूपी: भिड़े दो पक्ष के लोग, जमकर पथराव और चले हथियार, गांव में मची भगदड़, इस मामले में पहले हुई थी पंचायत
किशोरी को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव और हथियार चले। इस दौरान गांव में भगदड़ मच गई। बताया गया कि पहले भी इस मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई थी।
विस्तार
बागपत जनपद के हरचंदपुर गांव में शनिवार को दो पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार चले। इस दौरान करीब आधा घंटे तक पथराव हुआ। एक किशोरी को लेकर यह संघर्ष हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। सीओ खेकड़ा के साथ तीन थानों की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरचंदपुर में रहने वाले अनुसूचित जाति के ललित और सोमपाल पक्षों में शनिवार दोपहर को संघर्ष हो गया। पथराव हुआ तो भगदड़ मच गई। लोग घरों के अंदर ही कैद हो गए। इस संघर्ष में एक पक्ष से ललित और दूसरे पक्ष से सोमपाल, उसका बेटा नीरज, बोबी, नितिन व भतीजा श्याम घायल हो गए।
सूचना पर सीओ खेकड़ा विजय चौधरी, बागपत कोतवाली पुलिस, खेकड़ा और सिंघावली अहीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत किया। घायलों को बागपत सीएचसी में लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
यह भी पढ़ें: योगी के बुलडोजर से बड़ी कार्रवाई: सहारनपुर में भूमाफिया की 15 करोड़ की संपत्ति जब्त, देखें तस्वीरें
ललित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष का युवक 15 वर्षीय किशोरी को दो बार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। दोनों बार लोगों ने पंचायत करके समझौता करा दिया था, इसलिए उन्होंने कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की। इसके बावजूद आरोपी युवक लगातार किशोरी को परेशान कर रहा है।
वहीं शनिवार को भी युवक ने अपने भाई और साथियों संग किशोरी के साथ अभद्रता की। इस बारे में कोतवाली में शिकायत की गई। शिकायत करके लौटते समय उन पर धारदार हथियार से हमला करने के साथ ही पथराव किया गया।
यह भी पढ़ें: मुठभेड़ की तस्वीरें: लाडले बेटे को देख छलक उठीं पिता की आंखें, नौ दिन पहले हुआ था जकी का अपहरण, घर में लौटीं ईद जैसी खुशियां
उधर, सोमपाल पक्ष का कहना है कि युवक के साथ किशोरी अपनी मर्जी से गई थी और इस मामले में समझौता हो चुका है। उसका बेटा नीरज अपने भाई नितिन के साथ मीतली गांव से घर लौट रहा था। उन पर ललित पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। वहीं बीच-बचाव को आए परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया गया। इस संबंध में सीओ का कहना का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।