सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए बदमाश: एटीएम काटकर उड़ाए 8.56 लाख रुपये, बैंक अफसरों में मचा हड़कंप, कराया केस दर्ज
बागपत में बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने बैंक का एटीएम काटकर 8.56 लाख रुपये उड़ा दिए। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
विस्तार
बागपत में मेरठ रोड पर पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम को काटकर बदमाश करीब आठ लाख 56 हजार रुपये ले गए। बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वे आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस ने केस दर्ज करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मेरठ रोड पर पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा के बाहर एटीएम लगा है। बीती 25 दिसंबर की शाम बैंककर्मी एटीएम का शटर बंद करके चले गए। वहां देर रात बदमाशों ने पहले शटर का ताला तोड़ा। इसके बाद एटीएम काटकर करीब आठ लाख 56 हजार 700 रुपये निकाल ले गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बदमाश करीब सवा दो घंटे तक एटीएम काटते रहे। पुलिस को पता भी नहीं लग सका है।
वहीं रविवार को छुट्टी होने से आसपास रहने वाले लोगों ने शाम को एटीएम कटा देख पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने छानबीन की। बैंक शाखा सिंगल विंडो ऑपरेटर अशोक शुक्ला ने कोतवाली में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। जिसमें कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच समेत कई टीमों को लगाया है।
यह भी पढ़ें: फिर बड़ी कार्रवाई: कबाड़ी राहुल काला की पांच करोड़ की संपत्ति जब्त, किरायेदार बोले- हम बेघर हो गए, देखिए तस्वीरें
रात में 2.32 बजे बदमाश आए, सुबह 4.47 बजे गए
बैंक शाखा के पास एक अस्पताल के सीसीटीवी के अनुसार बाइक सवार दो बदमाश 25 दिसंबर की रात करीब 2.32 बजे एटीएम पर पहुंचे। उनमें से एक बागपत की तरफ वाली सड़क पर खड़ा होकर निगरानी करने लगा, जबकि एक बदमाश एटीएम के पास चला गया। वे सुबह 4.47 बजे तक रहे। वहां से बाइक लेकर आए बदमाश ने अपने साथी को बैठाया और भाग गए।
यह भी पढ़ें: भयावह हादसे की तस्वीरें: मातम में बदलीं बर्थडे की खुशियां, बेटे का शव देख बेहोश हुई मां, डॉक्टर बनने का सपना चकनाचूर
अभी तक की जांच में महसूस हो रहा है कि एटीएम काटकर रुपये निकालने वाले स्थानीय हैं। कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच टीम को लगाया गया है। इस घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। - नीरज कुमार जादौन, एसपी