दो साल का बच्चा अगवा
बदमाशों ने शनिवार को शाम के समय शोरगिरान मोहल्ला निवासी सब्जी विक्रेता आसिफ के दो वर्षीय बच्चे अनीस का घर से अपहरण कर लिया। इधर-उधर तलाश करने के बाद जब अनीस नहीं मिला तो पिता आसिफ ने शनिवार को रात में ही कोतवाली में तहरीर देकर बच्चे को कराने की की मांग की, लेकिन चौबीस घंटे बाद भी पुलिस ने पीड़ित परिजनों की कोई सुनवाई नहीं की।
बच्चे को बरामद कराने और बच्चे को अगवा करने वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को दोपहर के समय परिजनों और मोहल्लेवासियों ने मोहल्ले में ही पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर हंगामा शुरू कर दिया। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया पुलिस वाले तहरीर देने के बाद कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। परिजनों ने बच्चे का अपहरण कर हत्या की आशंका जताई।
मोहल्ले में हंगामे की सूचना मिलते ही एसएसआई चितवन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी आंदोलनकारियों की नोकझोंक हो गई। इस दौरान पुलिस ने आसपास खाली पडे़ मकानों की तलाश की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस ने किसी तरह नाराज लोगों को समझा - बुझाकर शांत किया और शीघ्र ही बच्चे को बरामद करने का आश्वासन दिया।
इसमें साहिसता, साहिल, मेहरबान, जमील, सलीम, अब्दुल, शमशेर, इमरान शामिल रहे। इस संबंध में सीओ सीपी सिंह ने कहा बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। टीमें बच्चे को बरामद करने का प्रयास कर रही हैं। शीघ्र ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा।