गोठरा में युवक पर फायरिंग
ग्राम बादलपुर निवासी सुमित नागर अपनी वैगनआर कार द्वारा ग्राम गोठरा में अपनी रिश्तेदारी में मिलने के लिए शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे आ रहा था। जब वह गोठरा गांव के समीप पहुंचा तभी स्विफ्ट गाड़ी में सवार उसी के गांव के तीन युवकों ने उसका पीछा किया। सुमित नागर के ऊपर कई राउंड गोलियां चलाई। सुमित ने गांव में घुसते ही अपनी गाड़ी से निकलकर एक ग्रामीण के मकान में घुसकर अपनी जान बचाई। हमलावरों की कार इसी दौरान गांव से सटे तालाब के दलदल में फंस गई।
कार को उन्होंने दलदल से निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख हमलावर कार की नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त कर हथियार लहराते हुए जंगल की ओर फरार हो गये। सुमित नागर ने बताया कि आरोपी जीत्ता एवं उनका परिवार काफी समय से हमसे रंजिश रखते हैं, इसी रंजिश के चलते आज उस पर जानलेवा हमला किया। मौके से पुलिस ने दो खोखे भी बरामद किए और हमलावरों की कार को कब्जे में ले लिया है। पीड़ित सुमित नागर ने रटौल पुलिस चौकी पर जीत्ता एवं दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिये तहरीर दी। थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट का कहना है कि पीड़ित एवं आरोपी की उनके गांव में रंजिश है। इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई होगी।