हाईवे किनारे सो रही छात्रा के अपहरण का प्रयास
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि उनका मकान हाईवे के पास है। सोमवार रात परिवार के लोग मकान के बाहर सोए हुए थे। रात करीब साढ़े दस बजे ट्रक में सवार तीन युवकों ने चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो रही उसकी 16 वर्षीय बहन को जबरदस्ती उठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें की।
उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। शोर शराबा होने पर आरोपी भागने लगे। आस-पड़ोस के लोगों ने पीछा कर एक आरोपी युवक को ट्रक के साथ पकड़ लिया। जबकि उसके दो साथी भागने में कामयाब हो गए। लोगों ने पकड़े गए आरोपी युवक की धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित परिवार ने कोतवाली पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली एसएसआई लोकेंद्र शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, पकड़े गए इदरीशपुर गांव के आरोपी युवक का कहना है कि उस पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत है। वह तो गाड़ी में बैठा हुआ था। लोगों ने वहां पर आकर ही उसकी पिटाई की है।