बागपत। गढ़मुक्तेश्वर के डीआर इंटरनेशनल स्कूल में राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में नगर के एसपीसी पीजी कॉलेज के आठ खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले और कॉलेज का नाम रोशन किया। शनिवार को कॉलेज पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया। विजेता खिलाड़ी सात मार्च को देहरादून में होने वाली राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
गढ़मुक्तेश्वर के डीआर इंटरेशनल स्कूल में 19 से 26 फरवरी तक राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता हुई। इसमें कॉलेज के आठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। कॉलेज के शारीरिक शिक्षा के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग में मनीष कुमार ने 20 व 30 मीटर, जूनियर वर्ग में 30 व 40 मीटर, जूनियर वर्ग बालिका में अंशु चौहान ने 30 व 40 मीटर, सीनियर वर्ग में 30 व 50 मीटर, स्वाति मौर्य ने जूनियर बालिका वर्ग की 30 मीटर व 40 मीटर, सीनियर वर्ग में 30 व 50 मीटर, विकास कुमार ने सीनियर वर्ग में 30 व 50 मीटर में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज व जिले का नाम रोशन किया। इनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। विजेता खिलाड़ी सात मार्च को देहरादून में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। शनिवार को कॉलेज में पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत किया। इसमें प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार, तीरंदाजी कोच अभिषेक, कोषाध्यक्ष प्रहलाद चौहान मौजूद रहे।