बागपत। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर हंगामा कर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार पर किसान आंदोलन के दौरान किए गए वादों को पूरा करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं ने डीएम को राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन में किसान आंदोलन के दौरान किए गए वादों को जल्द पूरा करने की मांग की।
भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना था कि कृषि कानून के विरोध में किसानों ने संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में दिल्ली बॉर्डर पर धरना दिया था। सरकार ने धरना दे रहे किसानों को उनकी मंागों को पूरा करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था, मगर अभी तक सरकार ने किसानों से किए वादों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने सरकार पर किसानों के साथ वादा खिलाफी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकार की वादा खिलाफी के कारण संयुक्त किसान मोर्चा व किसानों में सरकार के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। सोमवार को बागपत के अतिरिक्त मेरठ, शामली, मुजफ़्फरनगर समेत कई जिलों में सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने डीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर आंदोलन के दौरान किए गए वादो को जल्द पूरा करने की मांग की। इस मौके पर हिम्मत सिंह, बालिंद्र, हरेंद्र दांगी, पिंटू, भूपेंद्र, भूरा, तेजपाल, इंद्रपाल, प्रमोद त्यागी आदि मौजूद रहे।