कानून की चलेगी, बंदूक वालों की नहीं : योगेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में बाहर का आदमी चाहे कितना भी बड़ा पूंजीपति या ठेकेदार हो आज तक किसी की नहीं चली। बाहुबल के दम पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में किसानों पर गोली चलाने की हिम्मत कैसे हुई। बंदूक वाले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इंसाफ के लिए कलक्ट्रेट का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
सोमवार को निवाड़ा गांव के इस्लामिया मदरसे में ग्रामीणों की पंचायत आहूत की। इसमें ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन पर पक्षपात करने और गलत मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया। विधायक योगेश धामा ने कहा कि बागपत में आज तक किसी बाहरी आदमी की एक नहीं चली।
बाहर का आदमी चाहे वह ठेकेदार ही क्यों न हो, प्रशासन के सामने किसानों पर गोली कैसे चलवा सकता है। ग्रामीण कोई भेड़ बकरी नहीं है, सबका सम्मान है। यदि पट्टा हुआ है तो पुलिस-प्रशासन गांव के जिम्मेदार लोगों से बात करनी चाहिए थी। बंदूक के दम पर गांव वालों को डराने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों पर भी सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा अधिकारियों ने अपने कर्तव्य का पालन नहीं किया।
उन्होंने कहा ग्रामीण खादर में गुंडों को बर्दाश्त नहीं करें । किसानों को इंसाफ दिलाने के लिए कलक्ट्रेट घेरने से भी पीछे नहीं हटेंगे। धामा ने कहा कि हर व्यक्ति को मान सम्मान मिलना चाहिए। चौधरी अकबर अली ने कहा कि निवाड़ा पुलिस चौकी के पास यमुना खादर में किसी भी हाल में खनन नहीं होने दिया जाएगा।
यदि खनन करने का प्रयास किया तो खून खराबे से पीछे नहीं हटेंगे। संचालन नौशाद ने किया। इसमें जिला पंचायत सदस्य रविंद्र बली, अकरम, पूर्व प्रधान रिफाकत अली, अखलाक, निसार, इस्लाम, अनीस, गुलजार, नाजिम, अंजुम, ओमप्रकाश, महक सिंह, बाबर, जमीन, साबिर अली, अंगूर आदि उपस्थित रहे।
विधायक योगेश धामा ने कहा अभी तक लखनऊ स्तर से उनसे इस विषय में जानकारी नहीं मांगी। वह जल्द ही लखनऊ जाएंगे या सीएम के साथ जब भी चर्चा होगी, तो उस दिन पूरा मामले से उन्हें अवगत कराया जाएगा। इसमें जो भी दोषी हैं, चाहे वह प्रशासन व पुलिस के अधिकारी हो या फिर कोई ओर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
प्रकरण को राजनीति से न जोड़ें
बागपत। पंचायत मेें विधायक ने कहा कि इस प्रकरण को राजनीति या जाति धर्म से जोड़कर न चलें। ग्रामीण एक रहे और अत्याचार करने वाले को बर्दाश्त न करें। किसानों के सम्मान की रक्षा की जाएगी।
पुलिस ने लाइन में खड़े क्यों किए किसान
पंचायत में विधायक ने कहा कि कोतवाली में किसानों के साथ गलत व्यवहार किए जाने की शिकायत भी ग्रामीण कर रहे हैं। एसपी से बात की जाएगी। लाइन में खड़े कर अपराधियों जैसा व्यवहार कराए जाने की जांच कराई जाएगी। जिसकी गलती होगी, कार्रवाई होगी।
किसानों के घर नहीं दी जाएगी दबिश
बागपत। विधायक योगेश धामा ने कहा फर्जी मुकदमे वापस कराए जाएंगे। डीएम और एसपी से बातचीत की। निर्दोष किसान जेल नहीं जाने दिए जाएंगे।