मजदूरी मांगी तो गोलियां दागी
शुक्रवार को काफी संख्या में भट्ठा मजदूर कोतवाली पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि वे खेड़ा-हटाना में एक ईंट भट्ठे पर पथाई का काम करते हैं। पथाई की मजदूरी 510 रुपये प्रति हजार की दर पर रखी गई थी। भट्ठा मालिक पर मजदूरों के पथाई के 10 लाख रुपये बकाया है। जब उन्होंने भट्ठा मालिक से ईंट पथाई की मजदूरी के पैसे मांगे तो भट्ठा मालिकों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की।
जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनपर गोली चला दी, उन्होंने वहां से भागकर जान बचाई। उन्होंने कोतवाली में तहरीर देते हुये भट्ठा मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जोगेंद्र निवासी लुहारी, सोमपाल, लोकेंद्र, सुंदरपाल बड़ौत, सहेंद्र, ओंकार, सोनू लुहारी, रमेश सूप, अरविंद, बिरे, भागमल मांगरौली आदि शामिल है। थानाप्रभारी वीके सिंह ने बताया कि तहरीर उन्हें मिल गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।