आबकारी टीम और शराब तस्करों के बीच फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आबकारी इंस्पेक्टर एमके सिंह के मुताबिक शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि सुल्तानपुर हटाना गांव में कुछ लोग हरियाणा से अवैध रूप से शराब लाकर बेच रहे है। उन्होंने टीम के साथ रामभजन की दुकान पर छापामारी की तो वहां पर पांच-छह लोग शराब पीते हुए मिले। टीम के सदस्यों ने वहां से तीन पेटी शराब बरामद की। जैसे ही वे दुकान की तलाशी लेने और वहां पर बैठे लोगों को पकड़ने लगे, तभी उन्होंने शोर मचा दिया। वहां पर काफी लोग इकट्ठे हो गए।
लोगों ने उन पर पथराव और फायरिंग कर दी। टीम के साथ हाथापाई कर उन्हें बंधक बना लिया। सूचना पर बड़ौत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक बल का प्रयोग कर उन्हें मुक्त कराया। हमले में आबकारी टीम के पांच सदस्य सुनील, नीरज, जितेंद्र, महेंद्र प्रताप, सुरेशपाल, घायल हो गए। इनके अलावा शराब तस्करी का आरोपी रोहताश भी घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को बड़ौत सीएचसी पर भर्ती कराया। आरोपी रोहताश की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया।
रोहताश की गिरफ्तारी होने के कारण पुलिस अभिरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। आबकारी इंस्पेक्टर एमके सिंह की तहरीर पर बड़ौत कोतवाली में रोहताश, रामभजन, कपिल, सचिन, राहुल को नामजद व 15-20 अज्ञात के खिलाफ (धारा 147, 148, 149, 332, 353, 504, 506, 307 आईपीसी) में रिपोर्ट दर्ज हुई। बड़ौत कोतवाली प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि आबकारी की टीम पर शराब तस्करी के आरोपियों ने फायरिंग की है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपी रोहताश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
पुलिस और आबकारी के खिलाफ प्रदर्शन
बड़ौत। सुल्तानपुर हटाना गांव के काफी लोगों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। रामभजन और रामफल ने कहा कि आबकारी की टीम और बड़ौत पुलिस ने उनकी दुकानों पर छापामारी की। इस दौरान वहां पर कोई शराब नहीं मिली। उसके बावजूद पुलिस और आबकारी की टीम ने उनके और महिला के साथ मारपीट की। महिलाओं के कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं उनके मकान पर फायरिंग भी की गई। गोली लगने से रोहताश घायल हो गया। पुलिस जसवीर और रोहताश को अपने साथ ले गई। धमकी दी कि अफसरों से शिकायत की तो उन्हें झूठे केस में फंसा दिया जाएगा। इससे वे काफी परेशान है। उन्होंने अफसरों से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर जसवीर, आजाद, सरोज, कविता, गीता, गुड़िया मौजूद रही।