खेकड़ा। काठा मार्ग पर सीएचसी के सामने स्थित रामलीला मैदान में गंदगी का अंबार लगा है। जिस कारण वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर मैदान की सफाई करवाने की मांग की।
नगर स्थित रामलीला मैदान में नगर पालिका प्रशासन कूड़ा डलवा रहा है। जिस कारण उससे आने वाली बदबू के कारण सीएचसी के चिकित्सकों के साथ ही दवाई लेने के लिए पहुंचने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को रामलीला कमेटी के कार्यकर्ता इकट्ठा होकर तहसील में पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी अजय कुमार को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि कई बार नगर पालिका प्रशासन से मैदान से कूड़ा उठवाकर साफ सफाई कराने की मांग कर चुके है। इसके बावजूद कूड़ा वहीं पर डलवाया जा रहा है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से रामलीला मैदान में लगे गंदगी के अंबार की साफ-सफाई कराने की मांग की है। इस दौरान जतिन कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, आयुष जैन, दीपक शर्मा, संदीप प्रजापति, हर्ष भारद्वाज, रश्मि, शिवानी आदि मौजूद रहे।