अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे के बागपत रोड रेलवे स्टेशन के समीप अंडरपास से पानी निकासी की समस्या को लेकर बुधवार को बली, मेवला, ब्राह्मण पुट्टी, निबाली, गांधी पदड़ा, चोपड़ा और क्यामपुर के ग्रामीणों ने ब्राह्मण पुट्टी के पूर्व प्रधान नीरज पंडित के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक सतीश शर्मा को आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास में पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया है। जिससे लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। कई बार समस्या का समाधान कराने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद हल नहीं कराया गया है। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक सतीश शर्मा को डिविजनल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे नई दिल्ली के नाम दिए ज्ञापन में अंडरपास ब्राह्मण पुट्टी की ओर खोलने, अग्रवाल मंडी टटीरी को जाने वाले बाघू, संतोषपुर, निरोजपुर वाले रास्ते की चौड़ाई बढ़ाने और अंडरपास में जलभराव की स्थायी निकासी की व्यवस्था करने, प्रकाश की व्यवस्था करने, दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर सभी ट्रेनें चलाने, ब्राह्मण पुट्टी अंडरपास में बने गहरे गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की। इस मौके पर जगदीश, भगवान सिंह, सुभाष चंद्र, रामपाल, ब्रह्मपाल, पदम, भोपाल, सत्येंद्र, बिजेंद्र, जनेश्वर समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।